आसनसोल :- दस केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर गुरुवार को केंद्र सरकार की श्रम नीतियों, निजीकरण, महंगाई और मजदूर विरोधी फैसलों के विरोध में देशव्यापी औद्योगिक हड़ताल आयोजित की गई। इसी क्रम में आसनसोल के बीएनआर क्षेत्र स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के कार्यालय के सामने सुबह से वामपंथी ट्रेड यूनियन संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। बताया जाता है की हड़ताल के समर्थन में ट्रेड यूनियन के समर्थक बैंक के गेट के सामने बैनर लगा रहे थे इसे लेकर पुलिस के साथ उनका विवाद हो गया। ट्रेड यूनियन समर्थकों और पुलिस के बीच जमकर नोक झोंक हुई।
वामपंथी नेता पार्थ मुखर्जी ने कहा कि हड़ताल का उद्देश्य केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ मजदूरों की आवाज बुलंद करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान लगाए गए बैनर को हटवा दिया गया और पुलिस ने आंदोलन में बाधा डालने की कोशिश की। मुखर्जी ने पुलिस की भूमिका की आलोचना करते हुए कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण था और किसी भी बैंक कर्मचारी को कार्यालय में प्रवेश करने से नहीं रोका गया।
उन्होंने यह भी कहा कि आसनसोल आंदोलन की भूमि रही है और शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध को रोका जाना उचित नहीं है। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी भी की।




0 Comments