दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- दुर्गापुर के कांकसा अंतर्गत गोपालपुर इलाके में एक नर्स की रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही कांकसा थाने की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। मृतका की पहचान 24 वर्षीय मंदिरा पाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बांकुड़ा के विष्णुपुर की निवासी थी। मंदिरा मलानदिघी स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कार्यरत थी और गोपालपुर के एक बहुमंजिला आवास में रहती थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात मंदिरा का शव उक्त बहुमंजिला इमारत के नीचे से बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि वह इमारत की ऊंचाई से नीचे गिरी है, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि, यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश अथवा दुर्घटना है, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। इस घटना को लेकर स्थानीय निवासियों में काफी तनाव और कौतूहल का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और फिलहाल पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है।



0 Comments