कुल्टी :- कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला। वार्ड नंबर 66 के बराकर स्थित बलटोरिया इलाके में तृणमूल कांग्रेस के सक्रिय नेता मोहम्मद आफताब ने अपने 100 से अधिक समर्थकों के साथ सत्ताधारी दल का दामन छोड़कर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) की सदस्यता ग्रहण कर ली। एआईएमआईएम नेता दानिश अजीज ने इन सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी का झंडा थमाकर संगठन में शामिल कराया। मोहम्मद आफताब ने इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य कुल्टी विधानसभा में नेतृत्व को मजबूत करना और आम जनता को तृणमूल कांग्रेस व भाजपा की कथित 'दोहरी राजनीति' के प्रति जागरूक करना बताया।
इस अवसर पर दानिश अजीज ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कड़ा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की भाजपा के साथ आंतरिक सांठगांठ है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा के बढ़ते प्रभाव को केवल एआईएमआईएम ही प्रभावी ढंग से रोक सकती है। अजीज ने आगामी रणनीतियों का खुलासा करते हुए कहा कि पश्चिम बर्दवान जिले की पांच विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारने के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा चल रही है और इस पर अंतिम निर्णय असदुद्दीन ओवैसी के निर्देशानुसार लिया जाएगा।
पार्टी छोड़ने वाले कार्यकर्ताओं ने स्थानीय नेतृत्व पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि वे असदुद्दीन ओवैसी की विचारधारा से प्रभावित होकर इस दल में शामिल हुए हैं। एक कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर 66 में तृणमूल कांग्रेस की ओर से विकास के कोई भी कार्य नहीं किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र की जनता में भारी असंतोष है। इस महत्वपूर्ण मिलन समारोह के दौरान एजाज अहमद, एडवोकेट मेराज अख्तर, मोहम्मद मंसूर आलम, मोहम्मद अंसार खान, मोहम्मद सलाहुद्दीन खान सहित कई वरिष्ठ प्रतिनिधि और डेलीगेट्स उपस्थित रहे।





0 Comments