मुर्शिदाबाद :- जेयूपी (JUP) प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर ने पुलिस प्रशासन की अनुमति न मिलने के बावजूद पलाशी से बेलडांगा तक अपनी प्रस्तावित बाबरी यात्रा का आगाज कर दिया है। गुरुवार को उन्होंने समर्थकों की भारी भीड़ के साथ पलाशी से रेजिनगर तक बाइक रैली निकाली और उसके बाद बेलडांगा तक पैदल मार्च किया। ज्ञात हो कि राज्य में उच्च माध्यमिक परीक्षाएं शुरू होने के कारण प्रशासन ने लाउडस्पीकर और रैलियों पर कड़ा प्रतिबंध लगा रखा है, जिसके आधार पर पुलिस ने इस यात्रा को अनुमति देने से इनकार कर दिया था।
पदयात्रा के दौरान हुमायूं कबीर ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची से लगभग 58 लाख लोगों के नाम हटाए गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में हिंदू और मुस्लिम मतदाता शामिल हैं। कबीर ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस और भाजपा मिलकर मुस्लिम मतदाताओं को 'हियरिंग' के नाम पर परेशान कर रहे हैं। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि आगामी चुनाव में बंगाल के मुसलमान तृणमूल के खिलाफ वोट करेंगे और भाजपा को रोकने के लिए एक नया मोर्चा तैयार हो रहा है, जिसमें सीपीएम के शामिल होने की भी संभावना है। उन्होंने घोषणा की कि चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही वे अपने उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर देंगे।



0 Comments