विधानसभा चुनाव से पहले बीरभूम में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

बीरभूम :- पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच बीरभूम जिले से विस्फोटक का जखीरा मिलने से हड़कंप मच गया है। चुनाव आयोग द्वारा तारीखों के ऐलान और राजनीतिक दलों की ओर से उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद राज्य में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ है। इसी बीच जिले के नलहाटी थाना अंतर्गत बाउतिया पंचायत के कांदासी इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर से करीब 10,000 जिलेटिन स्टिक्स और 360 पीस डिटोनेटर बरामद किए हैं। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों को एक ट्रैक्टर की संदिग्ध आवाजाही पर शक हुआ, जिसके बाद उसे रोककर तलाशी ली गई। कागज के बक्सों में छिपाकर रखे गए इन विस्फोटकों को देख लोग दंग रह गए। सूचना मिलते ही नलहाटी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर और विस्फोटक को जब्त कर लिया, हालांकि मौका पाकर चालक फरार हो गया। मतदान से ठीक पहले इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिलना किसी बड़ी साजिश या चुनावी हिंसा की आशंका पैदा कर रहा है। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसका असल मकसद क्या था।

Post a Comment

0 Comments