आसनसोल :- आसनसोल के बाराबनी थाना क्षेत्र के आमडीहा इलाके में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। यहाँ एक परित्यक्त पत्थर खदान के गहरे पानी में नहाने गया 12 वर्षीय किशोर बापी तुरी अचानक डूब गया। घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी अब तक उसका शव बरामद नहीं किया जा सका है। जानकारी के अनुसार, बापी गुरुवार 9 अप्रैल की दोपहर अपने कुछ दोस्तों के साथ गांव के पास स्थित नादई बुड़ी मंदिर से सटे एक पत्थर खदान में नहाने गया था, जहाँ वह गहरे पानी की चपेट में आकर लापता हो गया।
हादसे के बाद उसके दोस्त इस कदर डर गए कि उन्होंने घर लौटकर किसी को कुछ भी नहीं बताया। जब रात 9 बजे तक बापी घर नहीं लौटा और परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, तब जाकर इस घटना का खुलासा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही बाराबनी थाना पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें शुक्रवार सुबह से ही खदान में तलाशी अभियान चला रही हैं। पानी अत्यधिक गहरा होने के कारण बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। खबर लिखे जाने तक राहत कार्य जारी है, लेकिन किशोर का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में भारी तनाव व्याप्त है।



0 Comments