दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रानीगंज में मारवाड़ी समाज की महिलाओं से किया संवाद

रानीगंज :- रानीगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी पार्थ घोष के समर्थन में चुनाव प्रचार को धार देने पहुंचीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को रानीगंज स्पोर्ट्स असेंबली में मारवाड़ी समाज की महिलाओं के साथ एक विशेष संवादात्मक सत्र में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में रानीगंज मारवाड़ी महिला समिति, लायंस क्लब की महिला शाखा 'गरिमा' सहित विभिन्न महिला संगठनों की सदस्याएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत में महिला पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया, जिसके बाद उन्होंने महिलाओं से जुड़े गंभीर विषयों और राज्य की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से अपनी बात रखी।


सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि एक महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद पश्चिम बंगाल में महिलाओं और बेटियों की स्थिति अत्यंत दयनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में जिस तरह का भ्रष्टाचार और अत्याचार देखने को मिल रहा है, वह अब तक केवल फिल्मों में ही देखा जाता था। रेखा गुप्ता ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यदि कोई सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, तो उसके घर जला दिए जाते हैं और उसके व्यापार व परिवार को बर्बाद कर दिया जाता है। उन्होंने संदेशखाली व आरजी कर अस्पताल जैसी घटनाओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि खुलेआम महिलाओं की अस्मत लूटी जा रही है, जो किसी भी सभ्य समाज के लिए शर्मनाक है।



दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली में कई विपक्षी दलों का शासन देखा है, लेकिन पश्चिम बंगाल जैसी गुंडागर्दी और डराने-धमकाने की राजनीति कहीं नहीं देखी। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि आज पूरा देश इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा और सड़क निर्माण के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, जबकि बंगाल पिछड़ता जा रहा है। उन्होंने उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन और हर घर शौचालय निर्माण जैसी योजनाओं को महिला सशक्तिकरण का आधार बताया। अंत में उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने और अपनी आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए इस चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करें।

Post a Comment

0 Comments