रानीगंज :- AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी सोमवार को रानीगंज के रोनाई स्थित पीर बाबा की मजार पर पहुंचे, जहां उन्होंने चादरपोशी कर जियारत की। साथ ही अपनी चुनावी मुहिम का आगाज किया। हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के साथ गठबंधन टूटने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने अपनी पार्टी का रुख पूरी तरह स्पष्ट कर दिया। उन्होंने बंगाल के लोगों की अखंडता पर सवाल उठाने वालों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उनकी पार्टी जनता की आवाज है और वे किसी भी अपमान को स्वीकार नहीं करेंगे। इसके साथ ही ओवैसी ने स्पष्ट किया कि वह BJP अथवा TMC किसी भी पार्टी की B टीम नहीं है वह जनता की आवाज है।
ओवैसी ने जोर देकर कहा कि पश्चिम बंगाल में उनका मुख्य लक्ष्य मुसलमानों का एक स्वतंत्र और मजबूत राजनीतिक नेतृत्व तैयार करना है। उन्होंने तर्क दिया कि जब तक राज्य में मुस्लिमों का अपना राजनीतिक नेतृत्व नहीं होगा, तब तक उनके साथ सही मायनों में न्याय नहीं हो सकता और वे हमेशा दूसरों के अधीन बने रहेंगे। इसी स्वाभिमान और न्याय की लड़ाई के लिए उनकी पार्टी चुनावी मैदान में उतरी है। रानीगंज के बाद ओवैसी सोमवार को ही मुर्शिदाबाद के कांदी और रघुनाथगंज में जनसभाओं को संबोधित कर अपने चुनावी अभियान को और गति देंगे।




0 Comments