Andal में निजी अस्पताल में महिला की मौत पर भारी हंगामा और तोड़फोड़


अंडाल :- अंडाल थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में महिला की मौत के बाद जमकर बवाल हुआ। मृतका के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। जानकारी के अनुसार, अंडाल के अरविंद नगर की निवासी 42 वर्षीय यास्मीन बानू को पेट दर्द की शिकायत के बाद बीते 10 तारीख को इस निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया था कि उनके गुर्दे (किडनी) में पत्थर है, जिसका इलाज चल रहा था।


रविवार को इलाज के दौरान अचानक महिला की मृत्यु हो गई। जैसे ही मौत की खबर परिवार तक पहुंची, परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए फर्नीचर और अन्य सामानों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बनते ही सूचना पाकर अंडाल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात है और मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments