आसनसोल :- आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। सालानपुर थाने के कल्याणेश्वरी नाका पॉइंट पर चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान एक मिनी बस से झारखंड की भारी मात्रा में अवैध लॉटरी बरामद की गई है। हालांकि, इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस के एक वर्ग की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शनिवार को झारखंड के मैथन स्थित कालीपहाड़ी से आसनसोल की ओर जा रही 'कृपामय' नामक एक मिनी बस को जब कल्याणेश्वरी नाका पॉइंट पर रोका गया, तो तलाशी में अवैध लॉटरी के पांच बड़े बंडल बरामद हुए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इन लॉटरी टिकटों को आसनसोल और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में खपाने की योजना थी। जांच में एक प्रभावशाली सिंडिकेट का नाम भी सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि दो व्यक्ति झारखंड से इन लॉटरी टिकटों को बस के जरिए भेजते थे, जिन्हें यहां सिंह नामक व्यक्ति प्राप्त कर आसनसोल, जामुड़िया, रानीगंज और दुर्गापुर के विभिन्न डीलरों तक पहुँचाने का काम करता था।
इस मामले में पुलिस ने बस के चालक और खलासी से पूछताछ करने के बाद उन्हें छोड़ दिया है। लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात पत्रकारों के साथ पुलिस का व्यवहार रहा। नाका पॉइंट पर तैनात पुलिस अधिकारियों ने पत्रकारों को जब्त की गई लॉटरी की तस्वीरें लेने से रोक दिया। फिलहाल पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और इस गिरोह की जड़ों तक पहुँचने का प्रयास किया जा रहा है।





0 Comments