CM ममता बनर्जी का सीउड़ी की जनसभा से PM नरेंद्र मोदी पर बोला तीखा हमला

बीरभूम :- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को बीरभूम जिले के सीउड़ी में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। TMC सुप्रीमो ममता बनर्जी ने पीएम मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वे राज्य की सभी 294 सीटों पर खुद को उम्मीदवार मान रहे हैं, तो उन्हें प्रधानमंत्री का पद छोड़ देना चाहिए और यह घोषणा करनी चाहिए कि वे बंगाल के मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने मोदी को 'बाहरी' बताते हुए सवाल किया कि वे देश के प्रधानमंत्री पद पर रहेंगे या बंगाल के मुख्यमंत्री बनेंगे, यह स्पष्ट करें। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के लिए वह स्वयं सभी सीटों पर चेहरा हैं। ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर पिछले 12 वर्षों से बंगाल को परेशान करने और लोगों के अधिकार छीनने का आरोप लगाया। 


उन्होंने 'मन की बात' कार्यक्रम पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इसके जरिए बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। रोजगार के मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरते हुए उन्होंने पूछा कि प्रति वर्ष 2 करोड़ नौकरियों के वादे का क्या हुआ? मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जब उनकी सरकार बंगाल में खाली पदों को भरने की कोशिश करती है, तो भाजपा अदालती मामलों के जरिए नियुक्तियों में बाधा डालती है। इसके साथ ही, उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'बुलडोजर' वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि बंगाल बुलडोजर की राजनीति में नहीं, बल्कि प्यार की नीति में विश्वास करता है। सोमवार को अपने जिला दौरे के दौरान ममता बनर्जी ने साफ किया कि बंगाल की जनता अब भाजपा के छल को बर्दाश्त नहीं करेगी।

Post a Comment

0 Comments