दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर दुर्गापुर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के खांदरा और दुर्गापुर में हुंकार भरेंगे। वे रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के खांदरा फुटबॉल मैदान में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही दुर्गापुर में उनका एक भव्य रोड शो भी आयोजित किया जाएगा, जो राजेंद्र प्रसाद काली मंदिर से शुरू होकर चंडीदास बाजार होते हुए मारकोनी दुर्गा पूजा मैदान तक जाएगा। BJP इस रोड शो में भारी जनसैलाब जुटने की उम्मीद कर रही है।
इससे पहले रविवार को दुर्गापुर पूर्व और पश्चिम सीटों के लिए BJP ने अपना श्वेत पत्र (White Paper) जारी किया। विद्यासागर एवेन्यू स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला अध्यक्ष अभिजीत ता, प्रत्याशी चंद्रशेखर बनर्जी और लक्ष्मण घड़ुई उपस्थित रहे। पार्टी ने वादा किया है कि प्रदेश में सत्ता में आने पर बेरोजगारों को 3000 रुपये मासिक भत्ता और महिलाओं के लिए 'अन्नपूर्णा योजना' लागू की जाएगी। इसके अलावा, दुर्गापुर के बंद कारखानों को फिर से खोलने और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में अवैध नियुक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का भी आश्वासन दिया गया है।



0 Comments