कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। शनिवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एक टीम भारी केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ उनके नकतला स्थित आवास पर पहुंची। सूत्रों के अनुसार, शिक्षक नियुक्ति भ्रष्टाचार मामले में आगे की पूछताछ के लिए जांच एजेंसी ने यह कदम उठाया है। ज्ञात हो कि जमानत मिलने के बाद ईडी ने पार्थ चटर्जी को कई बार समन भेजकर तलब किया था, लेकिन वे खराब स्वास्थ्य का हवाला देकर पेश नहीं हुए। पार्थ चटर्जी ने जांच एजेंसी को सुझाव दिया था कि वे वीडियो कॉल के जरिए या उनके घर आकर पूछताछ कर सकते हैं। इसी क्रम में ईडी आज उनके घर पहुंची है। साथ ही, ईडी की एक अन्य टीम न्यू टाउन स्थित प्रसन्न रॉय के दफ्तर और आवास पर भी छापेमारी कर रही है, जिन्हें इस मामले में बिचौलिया (मिडलमैन) बताया जा रहा है। 2022 में इसी आवास से पार्थ की गिरफ्तारी हुई थी, और अब चुनाव से पहले इस नई कार्रवाई ने राज्य में राजनीतिक हलचल तेज कर दी है।


0 Comments