कोलकाता :- चुनाव आयोग के निर्देश पर कोलकाता और पश्चिम बंगाल राज्य पुलिस में एक बार फिर बड़े पैमाने पर तबादले किए गए हैं। इस फेरबदल के तहत कोलकाता पुलिस के तीन संयुक्त आयुक्तों (Joint Commissioners) सहित कई डीसीपी और थाना प्रभारियों को बदला गया है। कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त (अपराध) के पद पर अब सोमा दास मित्रा को नियुक्त किया गया है, जो पहले सीआईडी में डीआईजी थीं। वहीं, संयुक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) के रूप में सुदीप सरकार और संयुक्त आयुक्त (खुफिया) के पद पर देवस्मिता दास की नियुक्ति की गई है।
अधिकारियों के अलावा, आयोग ने कोलकाता और राज्य पुलिस के सात डीसीपी का भी तबादला किया है। महत्वपूर्ण बदलावों में मनीष जोशी को डीसी (भांगड़) और वीएसआर अनंतनाग को डीसी (दक्षिण) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही चन्दननगर और सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट में भी नए डीसीपी नियुक्त किए गए हैं। हाल ही में एक प्रवासी श्रमिक की मौत को लेकर चर्चा में रहे बेलडांगा के एसडीपीओ को भी हटाकर आनंदजीत होड़ को वहां की कमान दी गई है। चुनाव से पहले प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोग का यह कदम काफी अहम माना जा रहा है।

0 Comments