पूर्व बर्दवान :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मतदान से ठीक दो दिन पहले पूर्व बर्दवान जिले का समुद्रगढ़ इलाका राजनीतिक हिंसा की आग में झुलस उठा। सोमवार को नशरतपुर इलाके में भाजपा की 'महामिचिल' और तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय के पास दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते पूरा क्षेत्र रणक्षेत्र में तब्दील हो गया और जमकर ईंट-पत्थर चले। इस खूनी संघर्ष में दोनों पार्टियों के कई कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए कालना अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही नादनघाट थाना पुलिस और केंद्रीय बलों ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला। भाजपा ने टीएमसी पर रैली पर पथराव करने का आरोप लगाया है, जबकि तृणमूल का दावा है कि उनके कार्यालय पर जानबूझकर हमला किया गया। मतदान से 48 घंटे पहले हुई इस हिंसा ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया है और भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।
पूर्व बर्धमान जिले की कुल 16 विधानसभा सीटों पर दूसरे चरण के तहत 29 अप्रैल को मतदान होना है। इन निर्वाचन क्षेत्रों के नाम इस प्रकार हैं, खंडघोष (एससी), बर्धमान दक्षिण, बर्धमान उत्तर (एससी), मेमारी, कलना (एससी), पूर्वस्थली दक्षिण, पूर्वस्थली उत्तर, कटवा, केतुग्राम, मंगलकोट, आउसग्राम (एससी), गलसी (एससी), रायना (एससी), जमालपुर (एससी), मोंतेश्वर और भतार। इन सभी सीटों पर चुनाव प्रचार सोमवार शाम को थम गया है और अब प्रशासन स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।




0 Comments