'अब खेला खत्म, विकास शुरू', UP के CM योगी आदित्यनाथ ने भरी हुंकार


बांकुड़ा :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार में रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक अलग अंदाज देखने को मिला। बांकुड़ा के सोनामूखी में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने बंगाल के लोगों का दिल जीतने के लिए बांग्ला भाषा का सहारा लिया। उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर भ्रष्टाचार और लूट का आरोप लगाते हुए बांग्ला में कहा, "বাংলা আর চুপ থাকবে না। এ বার খেলা শেষ, উন্নয়ন শুরু" (बंगाल अब चुप नहीं रहेगा। अब खेल खत्म और विकास शुरू होगा)। लगभग 25 मिनट के अपने संबोधन में योगी ने बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय का स्मरण किया और बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हुए हमलों का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया।

उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि वोट बैंक खिसकने के डर से मुख्यमंत्री ममता दीदी वहां हुए अत्याचारों पर मौन रहीं। उत्तर प्रदेश की तुलना बंगाल से करते हुए योगी ने दावा किया कि 8-9 साल पहले यूपी की स्थिति भी बंगाल जैसी ही थी, लेकिन 'डबल इंजन' की सरकार आने के बाद वहां माफियाराज खत्म हुआ और कानून का शासन स्थापित हुआ। उन्होंने जोर देकर कहा कि यूपी में अब तुष्टीकरण नहीं बल्कि 'संतुष्टीकरण' होता है और सभी माफियाओं को उनके सही ठिकाने भेजकर जनता को सुरक्षित किया गया है। अब बंगाल में भी इसी तरह के परिवर्तन की जरूरत है।

Post a Comment

0 Comments