कोलकाता :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर अवैध सामग्रियों की बरामदगी ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा साझा की गई ताजा जानकारी के अनुसार, राज्य और केंद्र की विभिन्न जांच एजेंसियों ने अब तक कुल 127 करोड़ रुपये मूल्य की लगभग 48 लाख लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की है। चुनाव आयोग के निर्देश पर पिछले कई दिनों से राज्य भर में सघन नाका चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। नाका चेकिंग अभियान में बड़ी मात्रा में अवैध शराब, बेहिसाब कैश और मादक पदार्थ समेत अन्य सामग्री बरामद की जा चुकी हैं। बुधवार को दूसरे और अंतिम चरण में राज्य के 7 जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है।
चुनाव आयोग के सूत्रों का कहना है कि पिछले चुनावों की तुलना में इस बार शराब की बरामदगी का स्तर काफी ऊंचा है। शराब के साथ-साथ नशीले पदार्थों की तस्करी पर भी कड़ी चोट की गई है। जहां 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान करीब 136 करोड़ रुपये के ड्रग्स पकड़े गए थे, वहीं इस बार यह आंकड़ा बढ़कर 339 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से ही 'इलेक्शन सीजर मैनेजमेंट सिस्टम' के जरिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है। चुनाव आयोग की सोमवार की रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक शराब, ड्रग्स और नकदी समेत कुल 510 करोड़ रुपये की अवैध सामग्री जब्त की जा चुकी है।


0 Comments