Abhishek Banerjee पर हमले के मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार, वीडियो फुटेज से हुई पहचान

कोलकाता :- तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के मामले में सोनारपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल के वीडियो फुटेज की जांच के बाद इन आरोपियों की पहचान की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम आकाश गायन, काजल दास, देवाशीष दत्त, तपन मैती और निर्मल्या सेनगुप्ता हैं, जो राजपुर सोनारपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर 9 के निवासी हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ मारपीट, अवैध रूप से इकट्ठा होने, रास्ता रोकने और गाली-गलौज करने जैसी विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई स्वतः संज्ञान (सुओ मोटो) लेते हुए की गई है, क्योंकि टीएमसी की तरफ से अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

यह घटना शनिवार को उस समय हुई जब अभिषेक बनर्जी सोनारपुर में चुनाव बाद हुई हिंसा में मारे गए एक टीएमसी कार्यकर्ता के परिवार से मिलने पहुंचे थे। वहां पहुंचते ही उन्हें भारी जन-आक्रोश का सामना करना पड़ा। भीड़ ने उन पर जूते, अंडे और पत्थर फेंके, साथ ही 'चोर-चोर' के नारे भी लगाए। हमले से बचने के लिए अभिषेक बनर्जी को हेलमेट पहनना पड़ा, फिर भी हाथापाई में उनकी शर्ट फट गई। बाद में पुलिस और केंद्रीय बलों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें सुरक्षित निकाला। टीएमसी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस हमले के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। ममता बनर्जी का आरोप है कि हमले के कारण अभिषेक के सीने में चोट आई है, जबकि राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल सहित 'इंडिया' गठबंधन के कई राष्ट्रीय नेताओं ने इस हमले की कड़ी निंदा की है।

Post a Comment

0 Comments