चुनावी हार के बाद ममता और अभिषेक बनर्जी से मिले TMC के जिलाध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती

पांडेश्वर (राम बाबू यादव) :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में तृणमूल कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में रविवार को पश्चिम बर्दवान जिला तृणमूल अध्यक्ष और पांडेश्वर के पूर्व विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने कोलकाता के कालीघाट स्थित आवास पर पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी से महत्वपूर्ण मुलाकात की। गौरतलब है कि इस चुनाव में पश्चिम बर्दवान जिले की सभी 9 सीटों पर भाजपा ने कब्जा जमाया है और नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती स्वयं पांडेश्वर सीट से अपनी हार नहीं बचा सके। जिले में पार्टी का खाता न खुल पाना नेतृत्व के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। सूत्रों के अनुसार, इस मुलाकात के दौरान मुख्य रूप से पश्चिम बर्दवान जिले में मिली करारी हार के कारणों और चुनावी नतीजों की विस्तृत समीक्षा की गई। हालांकि अब यह देखना दिलचस्प होगा कि विधानसभा चुनाव में पश्चिम बर्दवान जिले में तृणमूल कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती जिला अध्यक्ष पद पर बने रहते हैं या फिर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व कोई बड़ा बदलाव करता है ?

सूत्रों के अनुसार, मुलाकात में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि कैसे संगठन के कार्यकर्ताओं का मनोबल वापस बढ़ाया जाए और आगामी चुनौतियों के लिए नई रणनीति तैयार की जाए। ममता बनर्जी ने जनता के बीच दोबारा पैठ बनाने और संगठन को जमीन स्तर पर मजबूत करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जिले में तृणमूल कांग्रेस अपनी खोई हुई जमीन वापस पा सके।


Post a Comment

0 Comments