Raniganj Sports Assembly में नई कार्यकारिणी समिति का चुनाव टला, सर्वसम्मति से होगा गठन

 

रानीगंज :- रानीगंज स्पोर्ट्स असेंबली की नई कार्यकारिणी समिति का चुनाव एक बार फिर टल गया है। चुनाव के लिए कुल 43 उम्मीदवारों ने नामांकन फॉर्म जमा किए थे, जिनमें से विवेकानंद गोराई का नामांकन रद्द हो गया। शेष 42 उम्मीदवारों में से 23 द्वारा अपना नाम वापस लिए जाने के बाद अब केवल 19 उम्मीदवार ही चुनावी मैदान में बचे हैं। उम्मीदवारों की इस संख्या को देखते हुए अब मतदान की आवश्यकता समाप्त हो गई है और सर्वसम्मति से 25 सदस्यीय नई कार्यकारिणी समिति के गठन का रास्ता साफ हो गया है। नई समिति में टीआईटी ग्रुप से 11 और अन्य ग्रुप से 8 सदस्यों को शामिल किया गया है। रानीगंज स्पोर्ट्स असेंबली की वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी समिति के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए 19 सदस्यों के नाम अमित कुमार गनेरीवाल, अनीश पोद्दार, आयुष सराफ, दीपक जालान, गोपाल खेड़िया, गौरव सराफ, कृष्ण कुमार गढ़वाल, महेंद्र कुमार साव, पवन बाजोरिया, पवन केजरीवाल, राजेश टांटिया, रवि शंकर क्याल, रविंद्र कुमार चौधरी, साकेत झुनझुनवाला, श्रवण कनोडिया, स्मिथ झुनझुनवाला, श्रीवर्धन सराफ, विकास चौधरी और विनय कुमार खेतान है।

गौरतलब है कि रानीगंज स्पोर्ट्स असेंबली की कार्यकारिणी समिति में कुल 25 सदस्य होते हैं, जिनमें से 19 सदस्यों का चुनाव सीधे संस्था के सदस्यों द्वारा मतदान प्रक्रिया के माध्यम से होता है। अब इस नवनिर्वाचित समिति में निवर्तमान अध्यक्ष और सचिव पदेन सदस्य के रूप में शामिल होंगे, जिन्हें सभी संवैधानिक अधिकार प्राप्त होंगे। इसके पश्चात ये 21 सदस्य मिलकर संस्था के अन्य योग्य सदस्यों में से शेष 4 सदस्यों का मनोनयन करेंगे। अंततः, यह 25 सदस्यीय पूर्ण समिति मिलकर अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष, मुख्य सलाहकार और मुख्य समन्वयक जैसे महत्वपूर्ण पदाधिकारियों का चुनाव करेगी। इस तरह से लगातार 10 वर्षों से रानीगंज स्पोर्ट्स असेंबली की कार्यकारिणी समिति पर टीवाईटी ग्रुप का कब्जा बरकरार रहा। विदित हो कि चुनाव के लिए आगामी 21 मई को मतदान की तारीख निर्धारित की गई थी और चुनाव संचालन की जिम्मेदारी चेयरमैन अनिल लोहारूवाला एवं को-चेयरमैन अनूप सराफ को सौंपी गई थी। रानीगंज स्पोर्ट्स असेंबली में कार्यकारिणी समिति के चयन का अपना एक इतिहास रहा है। जहाँ पिछले कार्यकाल के दौरान भी चुनाव की नौबत नहीं आई थी और सर्वसम्मति से ही समिति चुनी गई थी, वहीं इससे पूर्व आखिरी बार वर्ष 2024 में चुनावी प्रक्रिया के माध्यम से कार्यकारिणी समिति का गठन संपन्न हुआ था।

Post a Comment

0 Comments