आसानसोल (राम बाबू यादव) :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों सहित पश्चिम बर्दवान जिले में भी राजनीतिक हिंसा का दौर शुरू हो गया है। जिले के कई इलाकों में तृणमूल कांग्रेस के कार्यालयों में तोड़फोड़, आगजनी और कब्जे की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। इसी सिलसिले में बुधवार को पूर्व मंत्री मलय घटक और पश्चिम बर्दवान जिला तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। साथ ही पुलिस कमिश्नर से सुरक्षा प्रदान करने का अनुरोध किया। तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने दावा किया कि जिले में लगभग 200 से ज्यादा उनके पार्टी ऑफिस को निशाना बनाया गया है और हजारों की संख्या में तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता घर छोड़कर पलायन करने पर मजबूर हुए हैं।
मुलाकात के दौरान तृणमूल नेताओं ने चुनाव बाद कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमलों और पार्टी संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिस तरह से चारों तरफ कार्यकर्ताओं पर हमले हो रहे हैं उससे डर एवं भय का माहौल बन गया है और बड़ी संख्या में तृणमूल कार्यकर्ता घर छोड़कर पलायन करने पर मजबूर हुए हैं ।प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि इन मामलों की निष्पक्ष जांच की जाए और जो भी लोग इस हिंसा और तोड़फोड़ के पीछे हैं, उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाए। तृणमूल कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए ताकि जिले में शांति का माहौल दोबारा बहाल हो सके। इस अवसर पर पूर्व विधायक हरे राम सिंह, विधान उपाध्याय सहित पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
0 Comments