आसनसोल :- तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए जानलेवा हमले के खिलाफ रविवार को आसनसोल में टीएमसी कार्यकर्ताओं और शीर्ष नेताओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आसनसोल शहर के कोर्ट मोड़ स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति के सामने पार्टी नेताओं ने धरने पर बैठकर इस घटना को लोकतंत्र पर हमला करार दिया। इस विरोध कार्यक्रम में पश्चिम बर्धमान जिला टीएमसी अध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती, आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय, डिप्टी मेयर अभिजीत घटक, वसीमुल हक, पूर्व विधायक हरेराम सिंह, युवा टीएमसी के जिला अध्यक्ष पार्थ देवासी, सिंटू भुइयां, शाहिद परवेज सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस दौरान जिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने कड़ा बयान देते हुए कहा कि सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुआ यह अमानवीय और प्राणघातक हमला बेहद निंदनीय है। उन्होंने सवाल उठाया कि बीजेपी आख़िर किस तरह के लोकतंत्र की बात करती है, जहां जन प्रतिनिधियों पर इस तरह के कायराना हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि तृणमूल कांग्रेस इस गुंडागर्दी और हिंसक राजनीति के सामने घुटने नहीं टेकेगी। चक्रवर्ती ने चेतावनी देते हुए कहा कि पार्टी इस हमले के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी और बंगाल की जनता इस साजिश का करारा जवाब देगी।



0 Comments