कोलकाता :- TMC के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के ठीक एक दिन बाद सांसद कल्याण बनर्जी भी जनाक्रोश के शिकार हुए हैं। तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी और कथित उत्पीड़न के खिलाफ रविवार सुबह चंडीतला थाने में प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) सौंपने गए टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी पर हमला हुआ है। सांसद ने आरोप लगाया कि उन्हें निशाना बनाकर पथराव किया गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और वे गिर पड़े। उनके साथ बदसलूकी और उन्हें काले झंडे दिखाने के साथ ही 'चोर-चोर' के नारे भी लगाए गए। घायल बनर्जी सिर पर रुमाल रखकर थाने के सामने ही धरने पर बैठ गए।
इस घटना के बाद उन्होंने भाजपा और पुलिस दोनों पर तीखा हमला बोला। बनर्जी ने शुभेंदु अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें 'तानाशाह' करार दिया और कहा कि वे टीएमसी नेताओं को खत्म करना चाहते हैं। उन्होंने स्थानीय पुलिस के खिलाफ भी गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि वे केंद्रीय सुरक्षा बल (CISF) के जवान की वजह से जिंदा बच पाए हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता से इस गुंडागर्दी के खिलाफ एकजुट होकर सड़कों पर उतरने और कड़ा विरोध करने की अपील की है।




0 Comments