पूर्व बर्दवान :- तृणमूल कांग्रेस के कई पूर्व विधायकों और नेताओं पर भ्रष्टाचार और जबरन वसूली के आरोपों को लेकर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है। रंगदारी और धमकी देने के आरोपी बर्दवान दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के पूर्व TMC विधायक खोकन दास को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मुगलसराय से हिरासत में ले लिया है और उन्हें वापस बंगाल लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, राहत सामग्री 'चोरी' करने के आरोप में पूर्वस्थली उत्तर के पूर्व TMC विधायक तपन चटर्जी को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने तपन चटर्जी के घर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में त्रिपाल (तिरपाल) और खेलकूद की सामग्रियां बरामद की हैं।
इसके अलावा, पूर्व बर्दवान जिले में 100 दिनों की रोजगार योजना (मनरेगा) के फंड में हेराफेरी के आरोप में पुलिस ने काटोवा से दो स्थानीय टीएमसी नेताओं, दिगंत पाल और विश्वनाथ साहा को गिरफ्तार किया है। एक स्थानीय निवासी की शिकायत के आधार पर हुई इस कार्रवाई के बाद मामले में पूर्व विधायक और जिला अध्यक्ष रवींद्रनाथ चटर्जी का नाम भी सामने आया है। हालांकि, टीएमसी नेताओं ने इन गिरफ्तारियों को राजनीतिक रूप से प्रेरित और झूठा करार दिया है। दूसरी तरफ, भाजपा ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा है कि अब लोग खुलकर सामने आ रहे हैं और पुलिस कानून के मुताबिक अपना काम कर रही है।



0 Comments