रानीगंज :- आसनसोल नगर निगम के 35 नंबर वार्ड के अंतर्गत रानीगंज के रोनाई इलाके में तृणमूल कांग्रेस के एक पार्टी कार्यालय को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा करके तृणमूल कांग्रेस का यह पार्टी ऑफिस बनाया गया है। इस मुद्दे को लेकर इलाके में राजनीतिक सरगर्मी काफी बढ़ गई है।
इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक पार्थ घोष ने कहा कि 35 नंबर वार्ड में कब्रिस्तान की जमीन पर तृणमूल कांग्रेस का पार्टी कार्यालय होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे साफ समझा जा सकता है कि तृणमूल कांग्रेस ने कब्रिस्तान जैसी पवित्र जगह को भी नहीं छोड़ा है और अल्पसंख्यक समुदाय की जमीन पर कब्जा किया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह का अन्याय भाजपा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। कब्रिस्तान की जमीन हमेशा कब्रिस्तान के लिए ही रहनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि अगर वहां तृणमूल कांग्रेस का पार्टी कार्यालय है, तो उसे अविलंब दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाए। साथ ही उन्होंने सतर्क करते हुए कहा कि ऐसा न होने पर पुलिस-प्रशासन इस पूरे मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगा।
दूसरी तरफ, तृणमूल कांग्रेस पार्षद अख्तरी खातून ने कहा कि यह कार्यालय माकपा के शासनकाल के दौरान बनाया गया था। वर्ष 2011 में जब राज्य में तृणमूल कांग्रेस सत्ता में आई, तब से पार्टी इस कार्यालय का उपयोग करने लगी। उनसे पहले पूर्व तृणमूल पार्षद मोइन खान इस कार्यालय का इस्तेमाल करते थे और वर्ष 2018 में उनके पार्षद बनने के बाद से वह यहाँ से कार्य कर रही हैं। इस विवाद के बीच उन्होंने कहा कि वे पार्टी कार्यालय में रखे टेबल, कुर्सी समेत अपने कुछ सामान वापस निकाल लेंगी और इस पार्टी ऑफिस की चाबी खुद भाजपा विधायक पार्थ घोष को सौंप देंगी। इसके बाद विधायक ही तय करें कि इस कार्यालय का क्या करना है। उन्होंने आगे कहा कि उनके कार्यकाल के जो कुछ महीने बचे हैं, उसके लिए वे घर या सड़क किनारे कहीं भी बैठकर जनता की सेवा और उनके कार्य करती रहेंगी।




0 Comments