आसनसोल :- लंबे इंतजार के बाद आसनसोल नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष चैताली तिवारी को सोमवार को निगम कार्यालय के अंदर उनका अलग केबिन उपलब्ध करा दिया गया। साल 2022 में नगर निगम के वर्तमान बोर्ड का गठन हुआ था, लेकिन तब से ही नेता प्रतिपक्ष के लिए कोई अलग केबिन नहीं था। आखिरकार, अगले नगर निगम चुनाव से करीब 6 महीने पहले उन्हें यह केबिन मिला, जिसमें भाजपा नेताओं और पार्षदों की मौजूदगी में उन्होंने प्रवेश किया। इस दौरान निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनसे मुलाकात भी की।
आसनसोल नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष चैताली तिवारी ने पत्रकारों से कहा कि पिछले 4 सालों से भाजपा पार्षद लगातार केबिन की मांग कर रहे थे, ताकि जनहित के कार्य सुचारू रूप से किए जा सकें, लेकिन उनकी अपीलों को अनदेखा किया जा रहा था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही नियमों के मुताबिक उन्हें केबिन दे दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब वे अन्नपूर्णा भंडार जैसी भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता तक बेहतर ढंग से पहुंचा सकेंगी।
चैताली तिवारी ने आरोप लगाया कि टीएमसी पदाधिकारियों द्वारा किए जा रहे व्यापक भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए मुख्य विपक्षी दल को अब तक बाहर रखा गया था और बोर्ड मीटिंगों में भी भाजपा पार्षदों को महत्व नहीं दिया जाता था। दूसरी ओर, मेयर विधान उपाध्याय ने विपक्षी पार्षदों को नजरअंदाज करने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि सभी का समान रूप से सम्मान किया जाता है। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अगर ऐसा कुछ है तो उसे उजागर करने के लिए तमाम संवैधानिक उपाय मौजूद हैं।





0 Comments