अंडाल :- अंडाल थाना क्षेत्र के उखड़ा ग्राम के आड़त पाड़ा स्थित एक निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने स्कूल के वाइस प्रिंसिपल को गिरफ्तार किया है। आरोपी शिक्षक का नाम राजा प्रसाद है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले क्लास चलने के दौरान आरोपी राजा प्रसाद ने स्कूल के कार्यालय के भीतर छठी कक्षा की एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ की थी। आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा के साथ कई बार ऐसी हरकतें कीं। हाल ही में जब पीड़िता के परिजनों को इस बात की जानकारी हुई, तो उन्होंने अंडाल थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर जांच शुरू करते हुए उखड़ा चौकी की पुलिस ने शनिवार को आरोपी वाइस प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को आरोपी को दुर्गापुर उप-मंडलीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां पुलिस ने उससे पूछताछ के लिए हिरासत में लेने का अनुरोध किया है। वहीं, पीड़ित छात्रा की मेडिकल जांच भी कराई गई है। स्कूल के अंदर इस तरह की शर्मनाक घटना घटने से अभिभावकों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। सभी ने आरोपी शिक्षक को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।


0 Comments