आसनसोल :- आसनसोल के गिरजा मोड़ इलाके में स्थित कांग्रेस पार्टी कार्यालय में सोमवार को एक महत्वपूर्ण राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला। यहाँ आसनसोल नगर निगम के वार्ड नंबर 46 और 47 इलाके के लगभग 50 तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस मौके पर कांग्रेस नेता प्रसनजीत पुईतुंडी, शाह आलम और पार्षद एस. एम. मुस्तफा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कांग्रेस में शामिल हुए इन कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए नेता प्रसनजीत पुईतुंडी ने टीएमसी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस में टीएमसी के वैसे कार्यकर्ताओं को शामिल कराया गया है जो पूरी तरह स्वच्छ छवि के हैं और जिन पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है। ये वो लोग हैं जिन्हें देखकर जनता 'चोर' नहीं कहती और न ही बाहर निकलने पर उन पर अंडे बरसाती है। पुईतुंडी ने दावा किया कि आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पूरे भारत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ही भाजपा के खिलाफ सबसे बड़ा चेहरा बनकर उभरेंगे और आज की यह शुरुआत उसी दिशा में एक कदम है। ये सभी स्वच्छ छवि के कार्यकर्ता राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाने के लिए जी-जान से प्रयास करेंगे।
वहीं, कांग्रेस नेता शाह आलम ने भी सुर में सुर मिलाते हुए कहा कि आज विभिन्न वार्डों से आए इन कार्यकर्ताओं ने निष्ठा के साथ हमेशा टीएमसी के लिए काम किया था, लेकिन टीएमसी के बड़े नेताओं ने सिर्फ इनका इस्तेमाल किया। बड़े नेता खुद तो भ्रष्टाचार में लिप्त रहे और जनता का कोई काम नहीं किया, जिससे जमीनी कार्यकर्ता ठगा महसूस कर रहे थे। शाह आलम ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस में शामिल होने वाले इन 50 कार्यकर्ताओं ने कभी भ्रष्टाचार नहीं किया और वे हमेशा जनता के हितों के लिए समर्पित रहे हैं, इसलिए कांग्रेस पार्टी में उनका सम्मान के साथ स्वागत किया गया है।



0 Comments