रानीगंज में यातायात व्यवस्था सुचारू करने के लिए ट्रैफिक पुलिस की नई पहल, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई

रानीगंज :- रानीगंज शहर को ट्रैफिक जाम से मुक्त करने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए रानीगंज ट्रैफिक गार्ड की ओर से एक बार फिर से विशेष पहल शुरू की गई है। इसके तहत रविवार को ट्रैफिक पुलिस और सिविक वॉलिंटियर्स द्वारा शहर के विभिन्न व्यस्त इलाकों, विशेषकर बाजार क्षेत्रों में व्यापक रूप से माइकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के माध्यम से पुलिस ने स्थानीय दुकानदारों और फेरीवालों से फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने की अपील की। पुलिस का कहना है कि बाजार में कई जगहों पर फुटपाथ पर अतिक्रमण होने की शिकायतें मिल रही हैं, जिससे पैदल यात्रियों को परेशानी होती है और जाम की स्थिति बनती है।

इसके साथ ही माइकिंग के जरिए टोटो और बस चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि वे सड़क पर जहां-तहां गाड़ी रोककर सवारी न उतारें और न ही चढ़ाएं। वाहन चालकों से कहा गया है कि वे अपने वाहनों को सड़कों के किनारे खड़ा करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही रखें। दोपहिया वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए पुलिस ने कहा कि बाइक पर ट्रिपल राइडिंग न करें और यदि दो लोग बैठे हैं तो दोनों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है।

ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कुछ दिनों पहले भी शहर में ऐसा अभियान चलाया गया था, जिसके तहत सड़कों के किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों के चालान काटे गए थे। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अपील के बाद भी जो लोग ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करेंगे, उनके खिलाफ आने वाले दिनों में कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments