दुर्गापुर में बामुनारा इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक, उद्योगों के विकास पर मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने उद्यमियों संग की चर्चा

दुर्गापुर :- बामुनारा इंडस्ट्रीज वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित एक विशेष बैठक में पश्चिम बंगाल सरकार के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने क्षेत्र के प्रमुख उद्योगपतियों और उद्यमियों के साथ विस्तृत संवाद किया। इस महत्वपूर्ण बैठक में उद्योगों के विकास, उनके पुनर्जीवन, नए निवेश को आकर्षित करने तथा औद्योगिक प्रोत्साहन (इंसेंटिव) जैसे गंभीर विषयों पर गहराई से चर्चा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित तमाम उद्यमियों ने अपनी समस्याओं और चुनौतियों को साझा करने के साथ ही औद्योगिक माहौल को बेहतर बनाने के लिए कई बहुमूल्य सुझाव भी मंत्री के समक्ष रखे।


अपने संबोधन में मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने कहा कि राज्य सरकार बंगाल में औद्योगिक क्रांति को नई गति देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार वर्तमान में 20,000 करोड़ रुपये के नए राजस्व सृजन की दिशा में काम कर रही है, जिसमें औद्योगिक क्षेत्र का योगदान सबसे अहम होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य में जल्द ही पुराने उद्योगों के विस्तार के साथ-साथ बड़े पैमाने पर नए कारखाने भी स्थापित होंगे। उद्योगपतियों को सुरक्षा का भरोसा देते हुए उन्होंने कहा कि अब राज्य से अवैध सिंडिकेट संस्कृति का पूरी तरह खात्मा हो चुका है। यदि कोई असामाजिक तत्व या जबरन वसूली (रंगदारी) करने वाले लोग यूनियन के नाम पर उद्योगों को परेशान करते हैं, तो प्रशासन उनके खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने सभी व्यवसायियों से श्रम कानूनों का पालन करते हुए भयमुक्त होकर काम करने की अपील की।


इस संवाद कार्यक्रम में औद्योगिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर भी सार्थक चर्चा हुई। इस अवसर पर दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी, एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल और सचिव विकास गोयनका (हनुमान मेटाफोर्ज) मुख्य रूप से उपस्थित थे। इसके अलावा उद्योग जगत की जानी-मानी हस्तियों में श्याम माखरिया (लश्री ग्रुप), अमर बड़िवाल (केजरीवाल कास्टिंग), बिपुल पाणिग्रही (श्याम स्टील), अशोक कुमार धर (आरएसएल कॉनकास्ट), राहुल डे (सोवा इंटरनेशनल), मनोज गर्ग (दुर्गापुर इन्फ्रा प्रोजेक्ट), शुभेंदु साहा (हेडा स्टील्स), अशोक कुमार सिंह (एच.पी. इस्पात), अंकित गुप्ता व घनश्याम गुप्ता (सीआरएम इस्पात), सरोज कुमार हाजरा (श्याम फेरो अलॉयज), पवन कंडोई (अलकनंदा स्पंज), मोहन गोयल व अतुल गोयल (महा गौरी स्ट्रिप्स), विकास दुबे (शिवम मेल्टेक), पुष्कर गर्ग (माँ कौशल्या), नरेंद्र पांडेय (सी.पी. री-रोलर्स) और शंकर मारोदिया (आरटीएफ) सहित कई अन्य गणमान्य उद्यमी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments