बर्नपुर में SAIL ISP की जमीन पर बने TMC के 2 पार्टी ऑफिस पर चला बुलडोजर

आसनसोल :- पश्चिम बंगाल में अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन का सख्त रुख लगातार जारी है। इसी कड़ी में आसनसोल के बर्नपुर इलाके में एक बड़ी कार्रवाई देखने को मिली, जहां स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के इस्को स्टील प्लांट (आईएसपी) प्रबंधन ने अवैध रूप से बनाए गए तृणमूल कांग्रेस के दो पार्टी कार्यालयों को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया।


ध्वस्त किए गए कार्यालयों में से एक बाटा रोड पर स्थित था, जो आईएनटीटीयूसी (INTTUC) के ब्लॉक नेता उत्पल सेन से जुड़ा था, जबकि दूसरा कार्यालय मस्जिद रोड इलाके में तृणमूल कांग्रेस आसनसोल दक्षिण विधानसभा ब्लॉक के सभापति पूर्णेंदु चौधरी का था। आईएसपी प्रबंधन का स्पष्ट आरोप है कि इन दोनों ही कार्यालयों का निर्माण उनकी स्वामित्व वाली जमीन पर अवैध कब्जा करके किया गया था।


सेल आईएसपी प्रबंधन के मुताबिक, इस कार्रवाई से पहले दोनों ही पार्टी कार्यालयों को बकायदा कानूनी नोटिस जारी कर अवैध निर्माण को स्वेच्छा से हटाने का निर्देश दिया गया था। तय समय सीमा के भीतर जब कब्जा नहीं हटाया गया, तो प्रबंधन ने शुक्रवार को प्रशासनिक सहयोग से बुलडोजर चलाकर इन अवैध ढांचों को तोड़ दिया। इस्को स्टील प्लांट प्रशासन ने साफ किया है कि यह पूरी कार्रवाई पूरी तरह से कानून के दायरे में रहकर और सभी पूर्व कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद ही की गई है।

Post a Comment

0 Comments