पांडवेश्वर से जबरन वसूली और बालू तस्करी मामले में गिरफ्तार शेख अलाउद्दीन पर बरसाए अंडे, लगे 'चोर-चोर' के नारे

पाण्डेश्वर :- पांडवेश्वर में जबरन वसूली, आतंक फैलाने, अवैध बालू तस्करी और चुनाव बाद हिंसा जैसे कई गंभीर आरोपों में घिरे तृणमूल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष शेख अलाउद्दीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को जब पुलिस आरोपी शेख अल्लाउद्दीन को थाने से दुर्गापुर महकमा अदालत ले जाने के लिए गाड़ी में बैठा रही थी, तब वहां मौजूद आक्रोशित जनता ने उन पर अंडों की बौछार कर दी। गुस्साई भीड़ ने शेख अल्लाउद्दीन को देखते ही 'चोर-चोर' के नारे लगाने शुरू कर दिए, जिससे थाना परिसर में भारी तनाव फैल गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस और केंद्रीय बलों को तैनात करना पड़ा, जिन्होंने किसी तरह आरोपी नेता को भीड़ से बचाकर पुलिस वैन में बैठाया। अदालत ले जाते समय जब मीडिया ने अलाउद्दीन से उनकी गिरफ्तारी का कारण पूछा, तो उन्होंने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उन्हें इस बारे में कुछ नहीं पता।

तृणमूल युवा कांग्रेस नेता शेख अलाउद्दीन के खिलाफ मुख्य आरोप यह है कि उनके संरक्षण में अजय नदी से ट्रैक्टरों और डंपरों के जरिए लंबे समय से अवैध बालू का काला कारोबार चल रहा था। इसके अलावा उन पर इलाके में आतंक फैलाने और स्थानीय व्यापारियों व लोगों से जबरन वसूली करने के भी आरोप हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पूर्ववर्ती तृणमूल शासन के दौरान भी अलाउद्दीन के खिलाफ कई बार शिकायतें की गई थीं, लेकिन तब उनके राजनीतिक प्रभाव के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद जब उनके खिलाफ दोबारा शिकायतें दर्ज हुईं, तो पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शुक्रवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया। राज्य में भ्रष्टाचार के आरोपों में लगातार हो रही टीएमसी नेताओं की गिरफ्तारियों की कड़ी में अब पांडवेश्वर के इस कद्दावर युवा नेता का नाम भी जुड़ गया है।

पश्चिम बंगाल में इस समय भ्रष्टाचार और विभिन्न घोटालों के आरोपी टीएमसी के छोटे-बड़े नेताओं को देखते ही आम जनता द्वारा 'अंडा थेरेपी' देने यानी उन पर अंडे फेंकने का एक नया चलन शुरू हो गया है। इस आक्रोश से बचने के लिए कई नेता हेलमेट पहनकर बाहर निकल रहे हैं तो कई पुलिस की जालीदार गाड़ियों में छिपकर भागने को मजबूर हैं। राज्य में लगातार बिगड़ती इस स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जनता से कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है। राज्य सचिवालय 'नवान्न' में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचारियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर व्यवस्था पर भरोसा रखें। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसटीएफ की नई टीम बनाई गई है और जरूरत पड़ने पर सीआईडी की मदद ली जा रही है, इसलिए किसी को भी कानून हाथ में लेकर खुद न्याय करने की जरूरत नहीं है।

Post a Comment

0 Comments