आसनसोल :- आसनसोल के बर्नपुर स्टेशन रोड के पास स्थित 'संगम' नामक एक मैरिज हॉल में रविवार को उस समय भारी तनाव फैल गया, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सदस्यों ने वहां चल रहे एक समारोह में कथित रूप से धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। भाजपा और आरएसएस के कार्यकर्ताओं का दावा है कि उन्हें पिछले आठ महीनों से इस स्थान पर संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। रविवार को जब वे मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि शिकायतें पूरी तरह सच थीं। कार्यकर्ताओं के अनुसार, उन्होंने कुछ ऐसे वीडियो भी देखे जिससे स्पष्ट होता है कि गरीब लोगों को जमीन, शिक्षा और पैसों का लालच देकर ईसाई धर्म में परिवर्तित किया जा रहा था।
जब इस संबंध में मैरिज हॉल में मौजूद अनुष्ठान के आयोजकों से पूछताछ की गई, तो उन्होंने कहा कि मैरिज हॉल के मालिक ने उन्हें इस कार्यक्रम की अनुमति दी थी। हालांकि, प्रदर्शनकारियों का तर्क है कि मालिक ने केवल अनुष्ठान आयोजित करने की इजाजत दी होगी, न कि किसी का धर्म परिवर्तन कराने की। इस पूरे मामले की भनक स्थानीय पुलिस को भी नहीं थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा। तब तक वहां स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो चुकी थी।
पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों से काफी देर तक पूछताछ की और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसके बाद, जब पुलिस सुरक्षा के बीच आयोजकों में से एक व्यक्ति को अपनी गाड़ी में बैठाकर ले जाने लगी, तो वहां मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उग्र भीड़ ने काफी दूर तक पुलिस की गाड़ी का पीछा किया और हंगामा किया। इस दौरान उत्तेजित लोगों द्वारा आयोजकों की गाड़ी में तोड़फोड़ भी की गई। इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।





0 Comments