कुल्टी ब्लॉक कांग्रेस का प्रदर्शन, विभिन्न मुद्दों को लेकर DM को सौंपा ज्ञापन

कुल्टी :- कुल्टी ब्लॉक कांग्रेस की ओर से गुरुवार को संगठन के अध्यक्ष सुकांतो दास के नेतृत्व में जिला शासक (डीएम) को एक ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार की नीतियों और स्थानीय नागरिक समस्याओं को लेकर जिला शासक कार्यालय पर प्रदर्शन किया। सुकांतो दास ने राज्य में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद भी जमीनी हालात न बदलने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के विरोधाभासी बयानों और 'अन्नपूर्णा भंडार योजना' के नियमों में बार-बार हो रहे बदलावों से जनता के बीच भारी भ्रम फैल रहा है।


कांग्रेस नेता ने कुल्टी क्षेत्र की बदहाली का जिक्र करते हुए कहा कि उनके शासनकाल में शुरू हुआ वाटर प्रोजेक्ट टीएमसी के बाद अब भाजपा सरकार आने पर भी अधूरा है, जिससे लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। वहीं कछुआ गति से बन रही डिसेरगढ़ रोड पर भारी वाहनों के परिचालन से स्कूली बच्चों पर हर वक्त खतरा मंडराता रहता है। उन्होंने विकास के नाम पर तोड़े जा रहे मकानों-दुकानों के बदले प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मुआवजा देने और वार्डों से गायब रहने वाले टीएमसी पार्षदों की जवाबदेही तय करने की मांग की। इसके अलावा, चुनाव से पहले मतदाता सूची से काटे गए योग्य नागरिकों के नाम जल्द से जल्द दोबारा जोड़ने का भी अनुरोध किया गया।

Post a Comment

0 Comments