दुर्गापुर :- दुर्गापुर में सोभापुर स्थित एक निजी अस्पताल में मरीज को छुट्टी (डिस्चार्ज) न देने के आरोप को लेकर रविवार रात भारी हंगामा खड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि उत्तेजित परिजनों ने अस्पताल परिसर के भीतर घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुँचा और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में अस्पताल का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तोड़फोड़ और उपद्रव का पूरा नजारा साफ देखा जा सकता है।
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्गापुर के अमरावती भाम्बे कॉलोनी के एक व्यक्ति को करीब 15 दिन पहले इस निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद अस्पताल प्रशासन मरीज को छुट्टी देने के लिए तैयार नहीं था, जिससे उनका गुस्सा फूट पड़ा। रविवार रात मरीज के रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। अस्पताल में हंगामे और अशांति को काबू में करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने इस हिंसक घटना में शामिल होने और अस्पताल की संपत्ति को नुकसान पहुँचाने के आरोप में कई लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।




0 Comments