Indian Bank से 65 लाख की धोखाधड़ी के मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार

पुरुलिया :- पुरुलिया जिले के पारा थाना अंतर्गत अनारा निवासी बाबूलाल अग्रवाल और उत्सव चक्रवर्ती को इंडियन बैंक की झापड़ा शाखा से 65 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गुरुवार को दोनों आरोपियों को रघुनाथपुर के एसीजेएम (ACJM) अदालत में पेश किया गया, जहां दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने उनकी जमानत अर्जी निरस्त करते हुए उन्हें रघुनाथपुर जेल भेज दिया। इस मामले में आरोपियों की जमानत रद्द कराने में बैंक की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता संग्राम सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि इंडियन बैंक के डीजीएम (DGM) अनिर्बान दत्ता के निर्देश पर बैंक के चीफ मैनेजर प्रवीण कुमार ने 11 मई 2026 को पारा थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दर्ज शिकायत के अनुसार, वर्ष 2018 में अनारा निवासी स्वप्न चक्रवर्ती और बाबूलाल अग्रवाल ने एक पार्टनरशिप फर्म के तहत अपनी जमीन के मूल दस्तावेज (दलील) इंडियन बैंक की झापड़ा शाखा में गिरवी रखकर 65 लाख रुपये का कैश क्रेडिट लोन लिया था। लोन लेने के बाद दोनों ने मिलकर भूमि विभाग के दफ्तर से धोखाधड़ी कर उक्त जमीन का दूसरा दस्तावेज (डीड) निकलवा लिया।

इसके बाद दोनों आरोपियों ने बैंक को पूरी तरह अंधेरे में रखकर और धोखाधड़ी करते हुए उस गिरवी जमीन को वर्ष 2020 में किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। वर्ष 2021 में जब बैंक ने उक्त लोन के चुकता न होने पर खाते को एनपीए (NPA) घोषित किया, तब जांच में इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ कि आरोपी बैंक की गिरवी जमीन बेचकर 65 लाख रुपये डकार चुके हैं। इस पार्टनरशिप फर्म में मुख्य आरोपी स्वप्न चक्रवर्ती का पुत्र उत्सव चक्रवर्ती और बाबूलाल अग्रवाल की पत्नी कृष्णा देवी अग्रवाल भी साझेदार हैं। वर्तमान में स्वप्न चक्रवर्ती की मृत्यु हो चुकी है, जबकि आरोपी कृष्णा देवी अग्रवाल फिलहाल फरार चल रही हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। इस पूरे मामले को उजागर करने में बैंक की तरफ से रिकवरी एजेंट राजीव बनर्जी सक्रिय रहे।

Post a Comment

0 Comments