पाण्डेश्वर के पूर्व MLA नरेन्द्रनाथ चक्रवर्ती पर गंभीर आरोप लगाकर प्रधान समेत 8 सदस्यों का सामूहिक इस्तीफा

पाण्डेश्वर (राम बाबू यादव) :- विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) का कुनबा लगातार बिखरता जा रहा है। एक तरफ जहां राज्य स्तर पर बड़ी संख्या में लगभग 60 विधायकों और कई लोकसभा व राज्यसभा सांसदों ने पार्टी से बगावत कर डाली है, वहीं दूसरी तरफ अब इस बड़ी टूट का गहरा असर पाण्डेश्वर ब्लॉक में भी देखने को मिला है। यहाँ तृणमूल कांग्रेस द्वारा संचालित नवग्राम पंचायत की प्रधान व उप प्रधान समेत 8 पंचायत सदस्यों ने बीडीओ (BDO) को अपना सामूहिक इस्तीफा सौंप दिया है। इस्तीफा देने वालों में नवग्राम पंचायत की प्रधान प्रिया बाग़दी, उप प्रधान सतन सौ मंडल, पंचायत सदस्य बैसाखी राऊत, आरती बाउरी, जीना दास, सुभाष चंद्र हांसदा, सोनाली कोड़ा और उषा देवी शामिल हैं। कुल 18 सदस्यों वाली इस पंचायत में एक सदस्य की पहले ही मृत्यु हो चुकी है, और अब 17 में से 8 सदस्यों के इस सामूहिक फैसले के बाद नवग्राम पंचायत तृणमूल कांग्रेस के हाथ से फिसलती हुई दिखाई दे रही है।

सामूहिक इस्तीफा देने वाले इन सदस्यों के इस कदम के पीछे की वजह बेहद चौंकाने वाली है, जिसका खुलासा पंचायत प्रधान प्रिया बाग़दी द्वारा बीडीओ को सौंपे गए आधिकारिक पत्र से हुआ है। इस इस्तीफे पत्र में प्रधान ने सीधे तौर पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और पूर्व विधायक नरेन्द्रनाथ चक्रवर्ती पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इस्तीफा पत्र में लिखा है कि 5 जून 2026 को मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से यह बात सामने आई कि पूर्व विधायक तथा तृणमूल कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती की देखरेख में रखे गए एक घर से भारी मात्रा में राहत सामग्री (त्रिपल/तिरपाल) और अन्य आपत्तिजनक चीजें बरामद की गई हैं।

पत्र में दुख और आक्रोश जताते हुए लिखा गया है कि जब आम जनता को सही समय पर राहत सामग्री (तिरपाल) की जरूरत होती है, तब पंचायत सदस्य उन्हें यह उपलब्ध नहीं करा पाते। ऐसे में पूर्व विधायक के गोदाम से हजारों की संख्या में तिरपाल का मिलना बेहद शर्मनाक है। इस घटना के बाद जनता के सामने जाने पर उनके तीखे सवालों का सामना करने की हिम्मत और क्षमता अब इन जनप्रतिनिधियों में नहीं बची है। जनता के प्रति इसी जवाबदेही और शर्मिंदगी के कारण खुद को जनप्रतिनिधि कहने में लज्जा महसूस करते हुए सभी 8 पंचायत सदस्यों ने स्वेच्छा से अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। इस घटनाक्रम के बाद पाण्डेश्वर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही कुछ और सदस्य भी तृणमूल कांग्रेस का साथ छोड़ सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments