रानीगंज :- New Delhi-Howrah पूर्वा एक्सप्रेस ट्रेन से अंडाल जीआरपी ने भारी मात्रा में कछुए बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बॉबी नंद के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के वाराणसी का रहने वाला है। उसके पास से बोरों में बंद 90 से अधिक जीवित कछुए बरामद किए गए हैं। GRP सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर रानीगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में विशेष तलाशी अभियान चलाया गया था। इस दौरान पुलिस को ट्रेन में एक संदिग्ध बोरा दिखाई दिया, जिसकी जांच करने पर उसके भीतर से भारी संख्या में कछुए बरामद हुए।
हिरासत में लिए गए आरोपी बॉबी नंद ने पूछताछ के दौरान वन्यजीव तस्करी की बात स्वीकार की। उसने बताया कि वह वाराणसी से कछुओं की यह खेप लेकर हावड़ा जा रहा था, जहां उसे यह माल किसी अन्य व्यक्ति को सौंपना था। जीआरपी ने बरामद किए गए सभी कछुओं को सुरक्षित वन विभाग के हवाले कर दिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। जीआरपी ने आरोपी से पूछताछ कर रही है और तस्करी के इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
0 Comments