रानीगंज :- रानीगंज थाना के पंजाबी मोड़ पुलिस फाड़ी क्षेत्र के अंतर्गत रामबागान स्थित आस्था भवन में चोरी-छिपे चल रहे धर्मांतरण के प्रयास के खेल का विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने पर्दाफाश किया है। रविवार को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर विहिप कार्यकर्ताओं ने अचानक आस्था भवन में धावा बोल दिया, जहाँ कथित तौर पर भोले-भाले हिंदुओं को ईसाई धर्म में परिवर्तित करने का खेल चल रहा था। इस कार्रवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा और तीखी नोंकझोंक हुई, जिससे इलाके में भारी तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की भनक लगते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित किया। विहिप कार्यकर्ताओं ने धर्मांतरण कराने का प्रयास कर रहे आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जिन्हें पंजाबी मोड़ पुलिस फाड़ी ले जाकर विस्तृत पूछताछ और मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। पंजाबी मोड़ पुलिस फाड़ी परिसर में भी विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा। जिस आस्था में यह पूरा खेल चल रहा था उसके गेट पर ताला जड़ दिया गया। हालांकि जिन लोगों पर धर्मांतरण करने के गंभीर आरोप लगे हैं, फिलहाल उनकी तरफ से इस मामले को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
इस विषय को लेकर विश्व हिंदू परिषद के रानीगंज प्रखंड सचिव विश्वजीत गोराई ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रामबागान स्थित आस्था भवन में काफी समय से धर्मांतरण का यह खेल फल-फूल रहा था। यहाँ गरीब और सीधे-साधे परिवारों को विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर और भ्रमित करके ईसाई धर्म अपनाने के लिए मजबूर किया जा रहा था। रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर जब विहिप कार्यकर्ता वहाँ पहुँचे, तब जाकर इस पूरे गिरोह का भंडाफोड़ हुआ। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि प्रत्येक सप्ताह चलने वाले इस खेल में सिर्फ रानीगंज ही नहीं, बल्कि जेके नगर, जामुड़िया और पांडेश्वर समेत विभिन्न दूर-दराज के इलाकों से भी लोगों को यहाँ लाया जाता था। इस पूरे मामले को लेकर पंजाबी मोड़ पुलिस फाड़ी में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई जा रही है और पुलिस से इस अवैध खेल में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।

0 Comments