TMC को बड़ा झटका, सुखेंदु शेखर राय ने राज्यसभा सांसद पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल की राजनीति से इस वक्त की एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रॉय ने अपने पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। राज्य में हाल ही में हुए राजनीतिक बदलावों के बीच उनका यह कदम ममता बनर्जी की पार्टी के लिए एक बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है। अपने इस्तीफे के बाद जारी एक प्रेस बयान में सुखेंदु शेखर रॉय ने राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और पार्टी छोड़ने के कारणों को स्पष्ट किया है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि राज्य के इतिहास में पहली बार जनता ने भाजपा के पक्ष में एक बहुत बड़ा जनादेश दिया है। 


यह जनादेश तृणमूल कांग्रेस के उस 15 साल के अराजक शासन को समाप्त करने के लिए है, जो व्यापक और बेलगाम भ्रष्टाचार, महिलाओं के खिलाफ हुए अत्याचारों, तथा स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, कानून-व्यवस्था और रोजगार जैसे क्षेत्रों में पूरी तरह विफल रहने के कारण पैदा हुआ था। उन्होंने आगे कहा कि वह बंगाल की जनता के इस ऐतिहासिक फैसले का सम्मान करते हैं और इसी वजह से उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है। उन्होंने बयान में कहा कि जनता के इस ऐतिहासिक फैसले को सम्मानपूर्वक स्वीकार करते हुए, मैंने इस्तीफा दे दिया है। सुखेंदु शेखर रॉय का इस तरह से इस्तीफा देना और अपनी ही पूर्व पार्टी के खिलाफ इतने कड़े शब्दों का इस्तेमाल करना यह साफ दर्शाता है कि बंगाल की राजनीति में अब सत्ता का समीकरण पूरी तरह बदल चुका है। उनके इस कदम के बाद राज्य के राजनीतिक गलियारों में हलचल काफी तेज हो गई है।

Post a Comment

0 Comments