WBJEE Result 2026 : रानीगंज के उमंग भूत ने राज्य में हासिल किया तीसरा स्थान

रानीगंज :- पश्चिम बंगाल संयुक्त प्रवेश परीक्षा बोर्ड (WBJEE) द्वारा परीक्षा के मात्र 25 दिनों के भीतर परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस वर्ष की राज्य मेधा सूची में रानीगंज शहर के खारसुली इलाके के रहने वाले उमंग भूत ने पूरे राज्य में तीसरा स्थान (थर्ड रैंक) हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गुरुवार को नतीजों की घोषणा के बाद जैसे ही उमंग को अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का पता चला, उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्हें बधाई देने के लिए आस-पड़ोस के लोगों का तांता लग गया। दुर्गापुर के पूर्वा इंटरनेशनल स्कूल के छात्र उमंग को उनके स्कूल के प्रिंसिपल ने फोन कर इस शानदार सफलता की जानकारी दी। अपनी कामयाबी पर खुशी जाहिर करते हुए उमंग ने कहा कि पिछले दो वर्षों की कड़ी मेहनत का यह सुखद परिणाम है, जिसमें उनके अभिभावकों और शिक्षकों की बहुत बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने कभी घंटों के हिसाब से पढ़ाई नहीं की, बल्कि भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित तीनों विषयों को हमेशा बराबर समय दिया। उमंग भविष्य में आईआईटी खड़गपुर से कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में बीटेक करना चाहते हैं। उमंग की कामयाबी पर उनके पिता अमित भूत और मां रेनू भूत ने इसे गर्व का विषय बताया। अमित भूत पोस्ट ऑफिस एजेंट के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।उनकी एक बेटी मेडिकल की पढ़ाई कर रही हैं। 

इस वर्ष की मेधा सूची में कोलकाता के साल्टलेक (नालंदा एकेडमी) के शाश्वत बनर्जी ने राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है, जबकि जोका विवेकानंद मिशन स्कूल के सौऋद्ध मंडल दूसरे स्थान पर रहे। इनके अलावा शीर्ष दस में राहुल कोनार, सर्वान भट्टाचार्य, आरहा भट्टाचार्य, सृजन शुर, मनीष सेनापति, सब्यसाची लस्कर और देवजीत पाल ने अपनी जगह बनाई है। गौरतलब है कि राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों में इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी, फार्मेसी और आर्किटेक्चर स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए यह परीक्षा गत 24 मई को आयोजित की गई थी। इस साल परीक्षा के लिए कुल 1,20,856 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 94,901 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा देने वालों में 67,378 छात्र, 27,521 छात्राएं और दो थर्ड जेंडर के परीक्षार्थी शामिल थे। कुल 92,073 परीक्षार्थियों ने मेधा सूची में स्थान पाया है। पूरे राज्य में 267 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें से 264 केंद्र बंगाल में थे। सफल छात्रों के लिए इस महीने के अंत में काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।

Post a Comment

0 Comments