कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में एक नाबालिग लड़की की हत्या के मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद अब तक कुल दो लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसके अलावा पुलिस ने तीन अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है, जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। दक्षिण 24 परगना के बारूईपुर थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों, दिवाकर सरदार और प्रभास मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। आज सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए बारूईपुर महकमा अस्पताल लाया गया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस इन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग करेगी। शनिवार से लापता रहने के बाद रविवार सुबह एक तालाब से 12 वर्षीय किशोरी का शव बरामद हुआ था, जिसके बाद पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया था।
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने बारुईपुर, नरेंद्रपुर और सोनारपुर थाना क्षेत्रों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 लागू कर दी है। इसके तहत इन इलाकों में पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है और पुलिस बल सुबह से ही गश्त कर रहा है। इस पूरे घटनाक्रम में अब तक तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पहला मामला नाबालिग की हत्या का है, दूसरा मामला उग्र भीड़ द्वारा एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का है, और तीसरा मामला पुलिस पर हुए हमले को लेकर दर्ज किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए छह सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन भी किया गया है। मृतक किशोरी के परिवार ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी।




0 Comments