रानीगंज :- रानीगंज एथलेटिक क्लब और मॉर्निंग वॉकर्स योगा ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को शहर में 'रानीगंज 5 किलोमीटर मिनी मैराथन-2026' का आयोजन किया गया। रानीगंज रेफरी एसोसिएशन के संचालन में रोबिन सेन स्टेडियम से मैराथन की शुरुआत हुई। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से आए लगभग 600 धावकों ने हिस्सा लिया, जिनमें भारी उत्साह देखने को मिला। महिला वर्ग में रांची की धाविकाओं का दबदबा रहा, जहां पूजा सिंह ने पहला और मंजू कुमारी ने दूसरा स्थान हासिल किया।
वहीं पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी अभिषेक कुमार ने सभी को चौंका दिया। नेशनल स्तर पर पुरस्कृत और आगामी एशियाई खेलों की तैयारी कर रहे अभिषेक दो दिन पहले ही रानीगंज पहुंच गए थे। उन्होंने शहर के व्यस्त और भीड़भाड़ वाले रास्तों के बावजूद मात्र साढ़े पंद्रह मिनट में 5 किलोमीटर की दूरी तय कर पहला स्थान हासिल किया। कई प्रतिभागी पूरी रात जागकर सफर करने के बावजूद सुबह सीधे इस दौड़ का हिस्सा बने और शानदार प्रदर्शन किया। शीर्ष तीन विजेताओं को वित्तीय पुरस्कार और ट्राफी से सम्मानित किया गया। मिनी मैराथन के आयोजन पर मॉर्निंग वॉकर्स योगा ग्रुप के वरिष्ठ सदस्यों ने कहा कि इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें स्वास्थ्य व खेल के प्रति जागरूक करना है। सदस्यों ने खुशी जताते हुए कहा कि इतनी भारी संख्या में देश के कोने-कोने से आए धावकों ने रानीगंज का मान बढ़ाया है और आगामी वर्षों में इस रानीगंज मिनी मैराथन को और भी बड़े पैमाने पर आयोजित किया जाएगा ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर मंच मिल सके।




0 Comments