बंद पड़े मकान से 800 किलो अमोनियम नाइट्रेट और 1200 जिलेटिन स्टिक जब्त, NIA की नजर

बीरभूम :- पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नलहाटी थाना क्षेत्र के एक सुनसान मकान से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर नलहाटी पुलिस ने देर रात छापेमारी कर 800 किलोग्राम से अधिक अमोनियम नाइट्रेट, 1200 से ज्यादा जिलेटिन स्टिक, 105 डेटोनेटर और 36 डेटोनेटिंग फ्यूज कॉइल जब्त किए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ दिनों से इस खाली पड़े मकान में अज्ञात लोगों की संदिग्ध आवाजाही देखी जा रही थी। रात के अंधेरे में बड़े-बड़े बक्से लाए जा रहे थे। 

आशंका है कि आरोपियों ने मकान किराए पर लेकर अवैध रूप से विस्फोटक जमा किया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश और उनके मकसद का पता लगाना शुरू कर दिया है। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जाएगी। गौरतलब है कि वीरभूम में पहले भी विस्फोटक तस्करी के मामले सामने आ चुके हैं, जिनकी जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) कर रही है। मंगलवार को हुई इस बड़ी बरामदगी पर भी एनआईए की नजर है और माना जा रहा है कि केंद्रीय एजेंसी जल्द ही इस मामले की जांच भी अपने हाथ में ले सकती है।

Post a Comment

0 Comments