आसनसोल :- सालानपुर ब्लॉक के रूपनारायणपुर से सटे आछड़ा गांव में आधी रात को एक तीन मंजिला मकान और उसमें स्थित कपड़ों की बड़ी दुकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में मकान मालिक उदय घोष, उनकी पत्नी और उनका 12 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से झुलस गए।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आगामी त्योहारों के मद्देनजर दुकान में लाखों रुपये के नए कपड़ों का स्टॉक रखा हुआ था। रात करीब डेढ़ बजे अचानक दुकान से आग की लपटें उठने लगीं। नींद से जागने के बाद व्यवसायी उदय घोष ने जैसे ही आग बुझाने के लिए दरवाजा खोला, वे और उनका परिवार लपटों की चपेट में आ गया।
सूचना मिलते ही रूपनारायणपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से छत के रास्ते परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। तीनों घायलों को इलाज के लिए आसनसोल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में व्यवसायी की जीवन भर की पूंजी नष्ट हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि यह हादसा शॉर्ट सर्किट से हुआ या इसके पीछे कोई साजिश है। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने इलाके में एक स्थायी दमकल केंद्र बनाने की मांग तेज कर दी है।


0 Comments