आसनसोल :- आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र अंतर्गत महिशीला स्थित खुदीराम पार्क इलाके में बिजली के तार चोरी करने के आरोप में स्थानीय लोगों ने तीन युवकों को पकड़कर जमकर पीट दिया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि महिशीला के खुदीराम पार्क और पास के शिमुलतला इलाके में पिछले काफी समय से लगातार बिजली के तार चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही थीं। इससे स्थानीय लोग बेहद परेशान और आक्रोशित थे। इसी चोरी के संदेह में शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने तीन युवकों को रंगे हाथों पकड़ लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी। घटना की खबर मिलते ही आसनसोल दक्षिण थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों युवकों को उग्र भीड़ के चंगुल से सुरक्षित छुड़ाया और उन्हें अपनी हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस तीनों को इलाज और अग्रिम पूछताछ के लिए थाने ले गई।


0 Comments