आसनसोल :- आसनसोल के हीरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सामडी इलाके में दामोदर नदी पर बने दो अस्थायी लकड़ी के पुल एक बार फिर पानी के तेज बहाव में बह गए हैं। केशकवारी फेरी घाट और ईश्वरदा फेरी घाट पर बने ये अस्थायी पुल बारिश के मौसम में जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण ध्वस्त हो गए हैं, जिससे बांकुड़ा जिले से भी संपर्क पूरी तरह टूट गया है।
इस गंभीर समस्या के बीच राज्य की शहरी विकास एवं नगर पालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने दामोदर नदी पर स्थायी पुल बनाने की बड़ी घोषणा की है। मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए मंत्री अग्निमित्रा पाल ने स्पष्ट किया कि दामोदर नदी पर नया ब्रिज निश्चित रूप से बनेगा। उन्होंने बताया कि सरकार में आने से पहले भी वे इस मांग को लेकर लगातार आंदोलन करती रही हैं। इस विषय पर मुख्य सचिव को पत्र लिखा जा चुका है और डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्र का सर्वे कार्य पूरा हो चुका है तथा अब डीपीआर बनाकर वर्क ऑर्डर जारी करने की प्रक्रिया बाकी है।
स्थानीय लोगों और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लिए ये अस्थायी पुल पूरे वर्ष आवागमन का प्रमुख साधन बने रहते हैं। हालांकि, हर वर्ष मानसून आते ही नदी के उफान पर होने से ये पुल बह जाते हैं। इसके चलते स्थानीय छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों और व्यापारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पुल ध्वस्त होने के बाद लोग या तो जोखिम उठाकर नाव के सहारे नदी पार करने को मजबूर हैं या फिर कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर लंबे रास्ते से आवागमन कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तेज बहाव के दौरान नाव से सफर करना बेहद खतरनाक होता है और कई बार नाविक भी खराब मौसम में सेवा देने से मना कर देते हैं।
ग्रामीणों की लंबे समय से मांग रही है कि यदि दामोदर नदी पर एक पक्का और स्थायी पुल बना दिया जाए, तो हजारों लोगों को पूरे साल सुरक्षित और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी। मंत्री के इस आश्वासन के बाद अब स्थानीय निवासियों में हर साल बारिश के मौसम में पैदा होने वाली इस गंभीर समस्या से हमेशा के लिए स्थायी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।



0 Comments