आसनसोल :- आसनसोल के सालानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर फाड़ी के हठात कॉलोनी इलाके में चोरों के बढ़ते आतंक से स्थानीय निवासियों में भारी दहशत का माहौल है। चोरों ने एक ही रात में न सिर्फ एक बंद घर को अपना निशाना बनाया, बल्कि पास के मंदिरों की दानपेटियां तोड़कर नकदी पर भी हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार, हठात कॉलोनी के निवासी रंजीत प्रसाद इन दिनों अपनी पत्नी के इलाज के लिए दिल्ली गए हुए हैं। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। पीड़ित के रिश्तेदार रिंकू साव ने बताया कि सुबह घर का दरवाजा खुला देख चोरी का पता चला, जिसमें चांदी की पायल, आभूषण और सोने की नथ गायब हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि चोर घर के बाहर क्रॉस का निशान भी छोड़ गए हैं।
इसी रात चोरों ने घर के पास स्थित बजरंगबली, शिव और काली मंदिर को भी निशाना बनाया। उन्होंने साल में एक बार खुलने वाली मंदिरों की दानपेटियां तोड़कर उसमें जमा सारी नकदी चुरा ली। इसके अलावा, चोरों ने पास के एक अन्य घर में भी सेंधमारी की कोशिश की, लेकिन वहां आधुनिक इंटर-लॉक सिस्टम होने के कारण वे अंदर घुसने में नाकाम रहे। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश है। सूचना मिलने पर रूपनारायणपुर फाड़ी की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, जबकि नागरिकों ने इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।


0 Comments