आसनसोल :- सालानपुर थाना क्षेत्र में अवैध बालू के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रूपनारायणपुर फांड़ी पुलिस ने अवैध रूप से बालू ले जा रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर चालक उमेश सोरेन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को रूपनारायणपुर फांड़ी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जीतपुर इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान संदिग्ध बालू लदे ट्रैक्टर को रोककर जांच की गई। जब चालक से बालू के परिवहन और चालान से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागजात पेश करने में विफल रहा। इसके बाद पुलिस ने चालक को गिरफ्तार करते हुए ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया। आरोपी उमेश सोरेन को आसनसोल अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने बालू तस्करी के इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश करने और विस्तृत पूछताछ के लिए 7 दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जब्त किए गए ट्रैक्टर का मालिक लाल्टू है, जिसके एक राजनीतिक दल से जुड़े होने की चर्चा है। इसके अलावा, स्थानीय सूत्रों के अनुसार मंडल नामक व्यक्ति ने जीतपुर क्षेत्र में बड़ी मात्रा में अवैध बालू का भंडारण कर रखा था। आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए रात के अंधेरे में इस बालू को ऊंचे दामों पर बाजार में सप्लाई किया जाता था। फिलहाल रूपनारायणपुर फांड़ी पुलिस इस अवैध बालू सिंडिकेट के मुख्य सरगनाओं और इसके मूल स्रोत का पता लगाने के लिए मामले की गहराई से जांच कर रही है।



0 Comments