जामुड़िया के चर्च में राजनीतिक प्रचार के आरोप को लेकर हंगामा, BJP का प्रदर्शन

जामुड़िया :- जामुड़िया के खासकेंदा इलाके में रविवार को एक वायरल वीडियो के बाद माहौल गरमा गया। इस वीडियो में आरोप लगाया गया था कि एक चर्च का इस्तेमाल राजनीतिक प्रचार के लिए किया गया है। हालांकि वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इससे स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। इसके विरोध में जब बीजेपी समर्थक एक स्थानीय चर्च पहुंचे, तो इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही जामुड़िया थाना केंदा फाड़ी की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

बीजेपी सूत्रों के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कथित तौर पर चर्च के भीतर से बीजेपी विरोधी बयानबाजी की जा रही थी। हालांकि, यह वीडियो किस इलाके का है, इसकी पुख्ता जानकारी नहीं है। इस घटना से नाराज बीजेपी कार्यकर्ताओं ने खासकेंदा के एक चर्च के बाहर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि धार्मिक स्थल कभी भी राजनीतिक प्रचार या दुष्प्रचार का मंच नहीं होने चाहिए। उन्होंने चर्च प्रशासन से भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने का अनुरोध किया।


बीजेपी नेता देबाशीष दुबे ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में कई चर्च हैं, इसलिए उन्होंने चर्च अधिकारियों से बात कर स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थलों को राजनीति से दूर रखा जाए।

दूसरी तरफ, चर्च अधिकारियों ने बीजेपी के सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और मनगढ़ंत बताते हुए खारिज कर दिया। उन्होंने दावा किया कि चर्च में किसी भी पार्टी के खिलाफ कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई। पुलिस की मुस्तैदी से अब स्थिति सामान्य है, लेकिन वीडियो की सत्यता को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

Post a Comment

0 Comments